भोपाल। इंदौर शहर में यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से चार प्रमुख चौराहों पर नए फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है। फूटी कोठी, भंवरकुआं, खजराना और लवकुश चौराहों पर बने ये फ्लाईओवर आज से जनता के लिए खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन फ्लाईओवरों का लोकार्पण करेंगे, जिसका मुख्य कार्यक्रम फूटी कोठी चौराहे पर आयोजित होगा।
फ्लाईओवरों का निर्माण दो साल पहले शुरू हुआ था, जिसमें फूटी कोठी फ्लाईओवर सबसे तेजी से आठ महीनों में पूरा हुआ। इन फ्लाईओवरों से इंदौर के लगभग 8 लाख लोगों को यातायात में आसानी होगी। फूटी कोठी और भंवरकुआं फ्लाईओवर पूरी तरह से तैयार हैं, जबकि खजराना और लवकुश फ्लाईओवर की एक-एक भुजा अभी निर्माणाधीन है, जिसे दीपावली के बाद पूरा किया जाएगा।
यह पहल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।