रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर लौटकर मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए हैं। मंगलवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि “सब कुछ होगा, इंतजार करिए।” उनसे पूछा गया कि क्या छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा की तरह 14 मंत्री बनाए जाएंगे। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यह सब होगा।”
वर्तमान में राज्य में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं, जबकि परंपरागत रूप से 13 मंत्री होते हैं। हरियाणा में 90 सीटों वाली विधानसभा में 14 मंत्री बनाए गए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में भी मंत्रिमंडल में 14 मंत्रियों की संभावना पर चर्चा हो रही है। कयास है कि क्रिसमस और नए साल के बीच मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा हो सकती है।
दिल्ली में भाजपा की उच्च स्तरीय बैठक में संगठन चुनाव पर चर्चा हुई। साथ ही, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी विचार किया गया। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य नेता शामिल हुए।
साय मंत्रिमंडल में फिलहाल दो पद रिक्त हैं। पहले एक पद खाली था, लेकिन बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने और विधायकी छोड़ने के बाद यह संख्या बढ़ गई। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है।