रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपराध को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा ने राज्य में बढ़ते अपराध, तनाव और अराजकता के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए दावा किया कि कांग्रेस जानबूझकर राज्य में अशांति फैला रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाओं के पीछे कांग्रेस का हाथ है, और उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्तर पर अराजकता फैलाने की कांग्रेस की साजिश करार दिया।
भाजपा का कहना है कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस बदले की भावना से जनता में अशांति फैला रही है। हाल ही में दामाखेड़ा में हुई एक घटना का हवाला देते हुए देव ने कहा कि इसमें शामिल व्यक्ति कांग्रेस का कार्यकर्ता था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह धार्मिक स्थलों और समाज में अस्थिरता पैदा करने का काम कर रही है।
वहीं, कांग्रेस ने इन आरोपों का कड़ा विरोध करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में हत्या, गोलीबारी जैसी घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकामी का आरोप लगाया। शुक्ला ने दावा किया कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं है और राजधानी में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।