भोपाल। छतरपुर के बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 251 बेटियों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। बागेश्वर धाम को विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण जनकपुर की तरह दिव्य और भव्य प्रतीत हो रहा था।
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वयं विवाह की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और दूल्हों की बारात को धूमधाम से निकाला। इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और महाराष्ट्र के मंत्री सतेंद्र सिंह राठौर भी शामिल हुए।
इस अवसर पर विश्व प्रसिद्ध पहलवान ग्रेट खली ने अपने शागिर्दों के साथ एक विशेष कुश्ती प्रदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को नशा छोड़कर खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। महिला और पुरुष पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया।
इसके अलावा साध्वी ऋतंभरा दीदी मां ने अपने प्रवचन में राष्ट्र चेतना के उत्थान का संदेश दिया और लोगों को एकता व सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी बागेश्वर धाम पहुंचकर बालाजी के दर्शन किए और महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस आयोजन की भव्यता की सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।