भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एकदिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रेप और हत्या का आरोपी, भोला अहिरवार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली वो भी पुलिस के सामने। यह घटना छतरपुर जिले के पुछी गांव की पहाड़ी पर हुई, जहां भोला ने खुद को गोली मारने से पहले सोशल मीडिया पर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है, जिसमें उसे पहाड़ी पर खड़ा देखा जा सकता है और फिर वह खुद को गोली मारता है। पुलिस ने इस घटना के बाद इलाके को घेर लिया है और मीडिया को भी मौके पर जाने से रोका गया है।
घटना क्या है ?
मिली जानकारी के मुताबिक, भोला अहिरवार पर 7 अक्टूबर को छतरपुर के मोरहा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मारने का आरोप था। इस गोलीबारी में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था, और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। आरोपी भोला अहिरवार फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए उसपर 20,000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। जांच में यह सामने आया कि भोला पेशे से वकील था और छतरपुर में ही प्रैक्टिस कर रहा था।
पीड़ित परिवार के आरोप
वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि तीन महीने पहले भोला ने उनकी एक युवती का रेप किया था। इस घटना की शिकायत पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद, भोला पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप भी लगे। जब परिवार ने समझौते से इनकार किया, तो उसने गुस्से में आकर परिवार के लोगों पर हमला किया और तीन लोगों को गोली मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई।