नई दिल्ली। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 66वां जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने बधाई दी। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनकी अच्छी सेहत और लंबे जीवन की कामना की है। बता दें, राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं। अपने जन्मदिन पर राष्ट्रपति मुर्मू ने आज दिल्ली में जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। द्रौपदी मुर्मू का प्रारंभिक जीवन कठिनाइयों और संघर्षों से भरा रहा।
करोड़ों लोगों को उम्मीद देती उनकी जीवन यात्रा: पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है।
राष्ट्रपति का समर्पण एक प्रेरणा: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए राष्ट्रपति का समर्पण एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा, ‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के विकास और समाज के गरीब और हाशिए के वर्गों के उत्थान के लिए आपका समर्पण सभी के लिए एक प्रेरणा है। मैं ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’
भारत को उनके योगदान से बहुत लाभ हुआ: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि देश को उनकी अंतर्दृष्टि और उनके दिए योगदान से बहुत लाभ हुआ है। सिंह ने आगे कहा, ‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं। भारत के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी राजनेता और दृष्टि के लिए उनका व्यापक रूप से सम्मान किया जाता है। भारत को उनकी अंतर्दृष्टि और योगदान से बहुत लाभ हुआ है। हमारे समाज के गरीब और कमजोर वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए उनका जुनून सराहनीय है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’