भोपाल। पर्यटन नगरी महेश्वर में शुक्रवार को आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नर्मदा रिट्रीट कैंपस में बैठक के लिए एक भव्य डोम तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सुबह 10:30 बजे महेश्वर पहुंचेंगे। बैठक से पहले लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का पूजन और सामूहिक फोटो सेशन होगा।
बैठक के लिए परिसर को मालवी और निमाड़ी शैली में सजाया गया है। दीवारों पर पारंपरिक मांडने और रंग-बिरंगी वंदनवारें इसे खास बना रही हैं। महेश्वर किले की प्रतिकृति मुख्य द्वार पर बनाई गई है। मंत्रियों को दाल बाफले, चूरमा लड्डू और बेसन गट्टे जैसे स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे।
बैठक में धार्मिक स्थलों पर शराब बिक्री प्रतिबंध जैसे अहम फैसलों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री और मंत्री चार घंटे रुकने के बाद भोपाल लौट जाएंगे। यह पहली बार है जब निमाड़ क्षेत्र में ऐसी ऐतिहासिक बैठक हो रही है।