राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आज भक्ति और श्रद्धा का भव्य उत्सव देखने को मिला। महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा महोत्सव में राज्यपाल रमेन डेका, प्रथम महिला रानी डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाग लिया।
हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री साय ने परंपरागत ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथ मार्ग की सफाई कर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद तीनों देवताओं की प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान किया गया।
सीएम साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “भगवान जगन्नाथ छत्तीसगढ़ के किसानों के रक्षक हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस वर्ष अच्छी वर्षा हो, अन्न भंडार भरें और हर किसान खुशहाल हो।”
राज्यपाल रमेन डेका और रानी डेका ने भी महोत्सव में भाग लेकर सभी को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस आयोजन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक पुरंदर मिश्रा और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी शामिल हुए। पुरी (ओडिशा) की तर्ज पर आयोजित यह रथ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि छत्तीसगढ़ और उत्कल की सांस्कृतिक एकता को भी दर्शाती है।