एमपी वेदर। मध्य प्रदेश में इस बार मानसून समय से पहले पहुंचने की संभावना है। एमपी के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस तरह से केरल में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है उस हिसाब से मानसून इस बार 15 जून के आसपास मध्य प्रदेश में पहुचेगा। आमतौर पर मानसून 17 से 21 जून के बीच मध्य प्रदेश में पहुंचता है। गत वर्ष 25 जून को मानसून ने दस्तक दिया था, तो इस बार 15 जून के आसपास मानसून के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इस बीच प्री-मानसून की भी बारिश होने की संभावना है।
सामान्य से अधिक बारिश के संकेत
मध्य प्रदेश में इस बार अच्छी बारिश की संकेत भी मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार औसतन बारिश से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश की औसतन बारिश 949 मिली मीटर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वर्ष मानसून औसतन बारिश को मेंटेन करने का संकेत दे रहा है।
काफी दुर्लभ है इस बार केरल का मानसून
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि केरल में जो मानसून इस बार आया है वह काफी दुर्लभ है, क्योकि दक्षिण पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में समय से पहले पहुचा है। पूर्वोत्तर में मानसून एक साथ आना काफी दुर्लभ है। इसके पहले इस तरह का मौसम 2017, 1997, 1995 और 1991 में आया था।