बुलंदशहर। यूपी में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है। यहां के शिकारपुर-बुलंदशहर में एक मैक्स पिकअप और प्राइवेट बस में जबरदस्त भिड़ंत होने से आठ लोगों की जान चली गई और 21 लोग घायल हो गए। मरने वाले सभी लोग त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है सभी लोग अलीगढ़ जिले की अतरौली तहसील के गांव रायपुर खास अहिर नगला के रहने वाले हैं। जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि रविवार की सुबह कुछ लोग मैक्स पिकअप गाड़ी में सवार होकर गाजियाबाद से अपने घर के लिए निकले थे। सभी लोग गाजियाबाद के बुलंदशहर रोड बी-10 स्थित बिरटानिया डेल्टा फूड कंपनी में नौकरी करते थे। ये लोग अलीगढ़ जनपद की अतरौली तहसील के गांव रायपुर खास अहिर नगला के रहने वाले थे। रास्ते में सलेमपुर थाना क्षेत्र में सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने मैक्स पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोगों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अपना दम तोड़ दिया। वहीं इस हादसे में 21 लोग घायल हुए हैं। मरने वाले सभी लोग पिकअप में सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल कर्मी दुर्घटना स्थल पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया।
त्योहार मनाने जा रहे थे घर
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचकर जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को उपचार के निर्देश दिए। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि मरने वाले और घायलों की लिस्टिंग की जा रही है। एक घायल ने बताया कि वह सभी लोग रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने गांव जा रहे थे।