रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 15 जनवरी तक होने की संभावना है। खबरों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार की घोषणा 12 या 13 जनवरी को की जा सकती है, जिसके बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में हरियाणा की तर्ज पर 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो तीन नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद प्रदेश भाजपा के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आ सकता है। चर्चा यह भी है कि वर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव को मंत्री बनाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में भाजपा संगठन में भी फेरबदल देखने को मिल सकता है।
रायपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मीडिया से बातचीत में कहा कि विस्तार की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। उन्होंने कहा, “जब भी निर्णय होगा, इसकी जानकारी पहले दी जाएगी।”
10 जनवरी तक चुना जाएगा नया प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश भाजपा ने मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पहले ही कर दी है। अब 10 जनवरी तक प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष चुना जाना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि किरण सिंह देव को मंत्री बनाया जाता है, तो प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की नियुक्ति होगी।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए संभावित नामों में विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और दुर्ग के पूर्व सांसद विजय बघेल शामिल हैं। इसके अलावा, पूर्व मंत्री विक्रम उसेंडी और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के नाम भी चर्चा में हैं। महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावडे को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यदि सिंह देव मंत्री बनते हैं, तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए नेता की तलाश जरूरी हो जाएगी।