भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव करते हुए बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उनके नाम की घोषणा की, इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, शिवराज सिंह चौहान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।
खंडेलवाल का चुनाव निर्विरोध रहा, क्योंकि अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ उन्हीं का नामांकन दाखिल किया गया था। उनका चयन संघ और सरकार दोनों के लिए संतुलनकारी माना जा रहा है। वे लो-प्रोफाइल लेकिन प्रभावी कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं।
60 वर्षीय खंडेलवाल की जड़ें भाजपा में गहराई तक फैली हैं। उनके पिता विजय खंडेलवाल चार बार बैतूल से सांसद रहे। पिता की मृत्यु के बाद हेमंत खंडेलवाल ने 2007 में लोकसभा उपचुनाव जीतकर राजनीतिक पारी शुरू की थी। इसके बाद 2013 और 2023 में वे विधायक बने। संगठन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं—2010 से 2013 तक भाजपा बैतूल जिलाध्यक्ष और 2014 से 2018 तक प्रदेश कोषाध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
संघ से जुड़ाव और मुख्यमंत्री मोहन यादव से निकटता के चलते उन्हें संगठन और सरकार के बीच सेतु की भूमिका में देखा जा रहा है। आदिवासी बहुल बैतूल से आने वाले खंडेलवाल संघ के कई सेवा प्रकल्पों से भी सक्रिय रूप से जुड़े हैं।
इस बार भाजपा ने परंपरा तोड़ते हुए किसी सांसद के बजाय एक विधायक को प्रदेश की कमान सौंपी है। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल को प्राथमिकता दे रही है।