भोपाल। मध्यप्रदेश के 9 नगरीय निकायों में हाल ही में हुए उपचुनावों के परिणाम सामने आए हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 6 वार्डों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई है, जबकि कांग्रेस को 3 वार्डों में सफलता मिली है।
पन्ना जिले के ककहरी में भाजपा प्रत्याशी हीरालाल आदिवासी निर्विरोध विजयी रहे, क्योंकि उनके सामने कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं हुआ। यह भाजपा के लिए बड़ी रणनीतिक जीत मानी जा रही है।
मंडला जिले के बिछिया के वार्ड क्रमांक 13 में कांग्रेस प्रत्याशी जानकी बाई धुर्वे ने जीत हासिल की। वहीं शहडोल के खांड में वार्ड क्रमांक 8 से कांग्रेस के शशिधर त्रिपाठी विजयी हुए। इंदौर जिले के सांवेर में वार्ड क्रमांक 7 से कांग्रेस की हसीना ने जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, भाजपा को कई वार्डों में सफलता मिली। खरगोन के भीकनगांव के वार्ड 5 से भाजपा की कमलेश कौशल ने 205 वोटों से जीत दर्ज की, जहां उन्होंने कांग्रेस की पूनम अमित जायसवाल को हराया। पूनम पूर्व परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं, लेकिन आपराधिक जानकारी छिपाने के आरोप में उन्हें पद से हटाया गया था, जिससे यह उपचुनाव आवश्यक हुआ।
इसके अलावा सिवनी के वार्ड 11 से भाजपा की निधि, छिंदवाड़ा के न्यूटन चिखली के वार्ड 4 से निकिता बरखे, भोपाल के बैरसिया के वार्ड 7 से शाइस्ता सुल्तान और इंदौर के गौतमपुरा के वार्ड 15 से शंकलाल ने जीत दर्ज की।
अब उम्मीद की जा रही है कि जिन निकायों में अध्यक्ष के पद खाली हैं, वहां भी जल्द चुनाव कराए जाएंगे। यह उपचुनाव राज्य की स्थानीय राजनीतिक तस्वीर को प्रभावित करने वाले माने जा रहे हैं।