बुरहानपुर । मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में आंधी-तूफान से केले की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इसे लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सरकार से मांग की है कि किसानों को सर्वे करा कर मुआवजा दिया जाए। मध्य प्रदेश में मौसम में हो रहे रोज परिवर्तन के चलते जहां आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है। वहीं बुरहानपुर में केले की खेती करने वाले किसानों की परेशानी बढ़ गई है। दरअसल यहां तेज आंधी के चलते केले की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इसको लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सरकार सर्वे कराकर राहत राशि देने की मांग की है।
आरबीसी 6-4 के तहत हो राहत राशि का वितरण
अरुण यादव ने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कल शाम बुरहानपुर जिले में तेज आंधी तूफान की वजह से केले की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मेरी सरकार से मांग कि अन्नदाताओं को तत्काल आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि वितरण करें एवं राजस्व अमले से फसलों का सर्वे कराएं, जिससे प्रभावित किसानों को उनकी फसलों की मुआवजा राशि प्राप्त हो सके।
प्रदेश में सबसे ज्यादा होती है केले की खेती
मध्य प्रदेश में बुरहानपुर जिला केले की खेती में सबसे आगे है। यहां का नाम मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में केले के कारण जाना जाता है। बुरहानपुर एक प्रमुख केला उगाने वाला जिला है। बुरहानपुर में होने वाली केले की खेती देश के साथ विदेशों में अपनी पहचान बनाई है। यहां के किसानों को भी समृद्ध किया है। वर्तमान में जिले के 19 हजार से ज्यादा किसान 23 हजार 650 एकड़ में केले की खेती कर रहे हैं। सालाना औसतन 16.54 मीट्रिक टन का उत्पादन हो रहा है।